उत्तरकाशी के बर्नीगाड़ को ₹217 करोड़ की सौगात, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ में ₹217 करोड़ की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु जनसेवा शिविर में उन्होंने 30 योजनाओं का शिलान्यास और 8 कार्यों का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करते हुए इसके स्थायी भवन का निर्माण जल्द शुरू करने की घोषणा की। साथ ही राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम, बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग निर्माण और बड़कोट व चिन्यालीसौड़ के राजकीय महाविद्यालयों के उच्चीकरण की घोषणा की।
जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
