चमोली में जलसैलाब से तबाही, तमक नाले में बहा वैली ब्रिज; BRO कर्मी लापता
चमोली: सीमांत नीती घाटी में सोमवार शाम भारी बारिश के बाद तमक नाले में अचानक जलसैलाब आ गया। तेज बहाव की चपेट में आने से 123 बीआरटीएफ सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज बह गया। इस दौरान कई वाहन भी प्रभावित हुए, जबकि एक BRO कर्मी के लापता होने की सूचना है।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव में वैली ब्रिज के साथ GREF के स्कॉर्पियो और बोलेरो कैंपर समेत अन्य वाहन भी प्रभावित हुए। स्कॉर्पियो चालक नायक पंकज कुमार के बहने की आशंका है, जिनकी तलाश जारी है।
घटना के वीडियो में तेज बहाव के बीच एक वाहन बहता दिखाई दे रहा है, जबकि पोकलैंड मशीन भी पानी और मलबे में फंसी नजर आ रही है। पुल बहने से नीती घाटी का सड़क संपर्क बाधित हो गया है और मलारी की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
SDRF-NDRF टीमें रवाना
घटना के बाद प्रशासन, पुलिस, SDRF और NDRF की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। भारी बारिश और अंधेरे के कारण रात में रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। सुबह व्यापक स्तर पर राहत-बचाव अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लेते हुए राहत-बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने और संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अलकनंदा का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
