दून विश्वविद्यालय में युवाओं से CM धामी का संवाद, बोले- ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने पलायन, रोजगार, उच्च शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और देहरादून की ट्रैफिक समस्या को लेकर सवाल पूछे।
पलायन और रोजगार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला, स्वरोजगार और सौर स्वरोजगार योजनाओं के साथ पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के जरिए युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से भी स्थानीय आजीविका को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा के आधुनिकीकरण और सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का विशेष जोर है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।
AI और तकनीकी बदलावों पर उन्होंने कहा कि रोजगार के स्वरूप तेजी से बदल रहे हैं। युवाओं को बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को विकसित कर ‘फ्यूचर रेडी’ बनना होगा।
देहरादून की ट्रैफिक समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थायी समाधान के लिए कार्य किया जा रहा है। बिंदाल और रिस्पना नदी पर एलिवेटेड रोड की योजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
