SIR अभियान में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, सीईओ ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

IMG-20260824-WA0039

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में दावे-आपत्तियों के निस्तारण और अभियान की प्रगति की जिलेवार समीक्षा की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दावे और आपत्तियों की नियमानुसार सुनवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारियों से राजनैतिक दलों और मीडिया के साथ नियमित संवाद बनाए रखने को भी कहा।

बैठक में फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली गई। सीईओ ने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर 4 प्रतिशत से अधिक परिवर्धन या 2 प्रतिशत से अधिक अपमार्जन की संभावना है, वहां संबंधित ईआरओ व्यक्तिगत निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप से हालिया जनपद भ्रमण का फीडबैक भी लिया। दोनों आयुक्तों को लगातार फील्ड विजिट कर SIR अभियान की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

हिमालयन लाइव ब्यूरो