मुख्यमंत्री ने चम्पावत में ‘खेल महाकुम्भ-2026’ का किया भव्य शुभारम्भ
टनकपुर: उत्तराखंड में खेल महाकुम्भ-2026 का मंगलवार को चम्पावत के टनकपुर स्थित स्व. कैलाश चन्द्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुभारम्भ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ी गहना महर को मशाल सौंपकर ‘खेल महाकुम्भ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026’ की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड को ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। खेल महाकुम्भ के जरिए गांव और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को न्याय पंचायत स्तर से राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों को 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष खेल महाकुम्भ में विजेता खिलाड़ियों को करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि DBT के माध्यम से सीधे बैंक खातों में दी जाएगी। वहीं, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।
खेल महाकुम्भ का यह दसवां संस्करण है। पिछले वर्ष 2.20 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया था। इस बार प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय और राज्य स्तर पर आयोजित होंगी।
प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के बालक-बालिकाओं के साथ महिला ओपन और दिव्यांगजन वर्ग के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आर्थिक प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि खेल महाकुम्भ से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
