जन्माष्टमी पर जगमगाया बदरीनाथ धाम, भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

27558308_thumb

चमोली: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा है। रात में रोशनी से सजा भगवान बदरी विशाल का मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मंदिर परिसर और आसपास की विशेष सजावट से धाम का नजारा बेहद दिव्य नजर आ रहा है।

जन्माष्टमी को लेकर धाम में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। देर रात तक बदरीनाथ धाम भक्तिमय वातावरण में डूबा रहेगा।

रात 2 बजे बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट

जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 2 बजे बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। इसके बाद 5 सितंबर को सुबह 6 बजे कपाट खोले जाएंगे।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अनुसार, 5 सितंबर को सुबह 5:30 बजे घंटी बजाई जाएगी, जबकि 6:30 बजे से महाभिषेक पूजा शुरू होगी। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न कराई जाएगी।

6 सितंबर से बदरीनाथ धाम में मंदिर खुलने और पूजा का समय पूर्ववत रहेगा। मंदिर समिति की ओर से संबंधित अधिकारियों, पुजारियों और कर्मचारियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो