उत्तराखंड में SIR की डेडलाइन बढ़ी, अब 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

HRnSUH7b0AE2vOf

देहरादून: उत्तराखंड में चल रही SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया की समयसीमा बढ़ा दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए 17 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। अब अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। पहले इसके 15 सितंबर को प्रकाशित होने की तारीख तय थी।

28 सितंबर तक होगा दावे-आपत्तियों का निस्तारण

नए शेड्यूल के अनुसार दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तारीख 28 सितंबर 2026 कर दी गई है। पहले यह प्रक्रिया 11 सितंबर तक पूरी होनी थी। समयसीमा बढ़ाने का प्रमुख कारण बड़ी संख्या में लंबित आवेदनों का निस्तारण बताया गया है।

863 नोटिस की सुनवाई बाकी

14 जुलाई को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में उत्तराखंड में 71,33,785 मतदाता दर्ज थे। इनमें से 24,30,387 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। अब तक 24,29,524 नोटिस की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 863 मामलों की सुनवाई बाकी है। यानी 99.96 फीसदी नोटिस का निस्तारण हो चुका है।

3.19 लाख दावे-आपत्तियां प्राप्त

14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच आयोग को कुल 3,19,309 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें फॉर्म-6 के 1,37,146, फॉर्म-7 के 1,30,382 और फॉर्म-8 के 51,781 आवेदन शामिल हैं।

अब तक इनमें से 80,239 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 2,39,070 आवेदन लंबित हैं। यानी करीब 25 फीसदी आवेदनों पर ही कार्रवाई पूरी हुई है। इसी वजह से निर्वाचन आयोग ने निस्तारण के लिए अतिरिक्त समय दिया है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो