उत्तराखंड में ऑटिज्म प्रभावित बच्चों की होगी पहचान, देहरादून से राज्य स्तरीय मैपिंग कार्यक्रम शुरू

file_00000000a49c82089049adbee10b73cc

देहरादून: उत्तराखंड में ऑटिज्म और विशिष्ट अधिगम अक्षमता से प्रभावित बच्चों की पहचान और उनकी जरूरतों के आकलन के लिए प्रदेश के पहले राज्य स्तरीय मैपिंग कार्यक्रम की शुरुआत हुई। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने बुधवार को झाझरा स्थित आईटीआई दून संस्कृति स्कूल में कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

यह पहल उत्तराखंड राज्य दिव्यांग बाल अभियान के तहत शुरू की गई है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद तरुण विजय और विधायक खजान दास भी मौजूद रहे। अठावले ने विद्यालय में दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से संवाद किया।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता और प्रतिभा को कम नहीं करती। उन्होंने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और सशक्तीकरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

अठावले ने बताया कि देश में 2.68 करोड़ से अधिक दिव्यांगजन हैं और सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार व सामाजिक समावेशन के लिए काम कर रही है। इस दौरान नशा मुक्ति केंद्रों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि देशभर में 790 नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो