MBBS फर्जी सर्टिफिकेट केस: उधम सिंह नगर से सबसे ज्यादा मामले, 19 दाखिले रद्द
देहरादून: उत्तराखंड में स्वतंत्रता सेनानी आरक्षण से जुड़े फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर MBBS में दाखिले का मामला सामने आया है। HNB चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने अब तक 19 दाखिले निरस्त किए हैं। इनमें 12 मामले उधम सिंह नगर और चार देहरादून से जुड़े हैं, जबकि तीन मामलों की जांच जारी है।
फर्जी प्रमाण पत्रों के मामले में SIT ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि प्रमाण पत्र कैसे तैयार और जारी हुए और इनके आधार पर MBBS समेत अन्य आरक्षण लाभ कैसे हासिल किए गए।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार, निरस्त सीटों पर मेरिट के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर दिया जा रहा है। MBBS की तीसरे चरण की काउंसलिंग 8 अक्टूबर तक चलेगी।
इस मामले में प्रमाण पत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया भी जांच के घेरे में है। पटवारी संघ ने कार्यभार अधिक होने के कारण सत्यापन में गलतियों की बात कही है। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना के मुताबिक, फर्जी प्रमाण पत्र पाए जाने पर दाखिले रद्द किए गए हैं और जांच जारी है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
