देहरादून में एलिवेटेड रोड का विरोध, 300 से ज्यादा घरों पर संकट का दावा
देहरादून: मोहकमपुर से अजबपुर फ्लाईओवर तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के नए अलाइनमेंट का विरोध तेज हो गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इससे 300 से अधिक घर और 1,200 से ज्यादा लोग प्रभावित हो सकते हैं। विरोध में प्रभावित परिवारों ने 14 अक्टूबर से विधानसभा के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया हैं।
पुराने अलाइनमेंट पर विचार करने की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घरों पर निशान लगाए जाने के बाद उन्हें परियोजना की जानकारी मिली। वे पुराने अलाइनमेंट पर दोबारा विचार करने और वैकल्पिक मार्ग तलाशने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे सड़क निर्माण के विरोध में नहीं हैं, लेकिन अपने घर और रोजगार बचाना चाहते हैं।
NHAI ने बताया नए रूट को बेहतर विकल्प
NHAI अधिकारी सौरभ सिंह के मुताबिक, कई विकल्पों के अध्ययन के बाद रेलवे लाइन के समानांतर नए अलाइनमेंट को चुना गया, क्योंकि पुराने विकल्पों में अधिक मकान और संरचनाएं प्रभावित होने की आशंका थी।
फिलहाल प्रभावित जमीनों और मकानों का सर्वे जारी है। सर्वे पूरा होने के बाद नियमानुसार मुआवजा तय किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को मुख्यमंत्री आवास तक ले जाया जाएगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
