देहरादून में FDA का एक्शन: एडीज बेकरी के सैंपल सील, तमटारा कैफे पर मुकदमे की तैयारी

IMG_20261021_220636

देहरादून: दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने देहरादून में जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को एडीज बेकरी से हेज़लनट चॉकलेट केक, क्रीम और पैक्ड फूड सिरप के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। वहीं, तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी मिलने पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की गई है।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने चकराता रोड स्थित एडीज बेकरी का निरीक्षण किया। इस दौरान पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं मिले। नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

विभाग के अनुसार, तमटारा कैफे को स्वच्छता में सुधार होने तक रसोई का संचालन स्थगित रखने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कथित तौर पर इनका पालन नहीं किया गया। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 और 58 के तहत न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी है।

आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love