आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति का ज्ञान भी जरूरी: सीएम धामी
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को द टॉसब्रिज स्कूल में संस्कार दिवस एवं स्थापना दिवस समारोह में विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन और मेहनत का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं का ज्ञान भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के इस दौर में आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाना भी आवश्यक है।
पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी सफलता का आधार हैं। संस्कारित और कुशल युवा उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
