हरिद्वार में सावन शिवरात्रि पर जनसैलाब, 4.80 करोड़ से ज्यादा कांवड़ियों ने उठाया गंगाजल
हरिद्वार: सावन शिवरात्रि पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हरकी पैड़ी से लेकर कांवड़ मार्गों और शहर की सड़कों तक ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे। कांवड़ यात्रा शुरू होने से 11 अगस्त तक 4.80 करोड़ से अधिक शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
वर्ष 2025 में करीब 4.54 करोड़ कांवड़ यात्रियों ने हरिद्वार से कांवड़ उठाई थी। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक हाईवे और कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की आवाजाही जारी रही। हरकी पैड़ी समेत अन्य घाटों पर गंगाजल भरने के लिए भारी भीड़ रही।
डाक कांवड़ियों की रही सबसे ज्यादा भीड़
सावन शिवरात्रि पर डाक कांवड़ यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही। कांवड़ मार्गों, हाईवे और प्रमुख चौराहों पर पुलिस-प्रशासन की टीमें तैनात रहीं। भीड़ कम होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर और बिल्वकेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके अलावा दरिद्र भंजन महादेव, नीलेश्वर महादेव और तिलभांडेश्वर महादेव समेत अन्य शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पूरे हरिद्वार में सावन शिवरात्रि पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
