रक्षाबंधन पर महिलाओं को तोहफा, 28-29 अगस्त को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर
देहरादून: रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तराखंड की धामी सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है। प्रदेश की महिलाएं 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में राज्य के भीतर निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। दोनों दिन महिलाओं से बस किराया नहीं लिया जाएगा।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह सुविधा उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित साधारण, सीएनजी, वोल्वो और एसी बसों में लागू होगी। महिलाओं को निशुल्क यात्रा कराने से परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त व्यय की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी।
दो दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा
हर साल रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाती है, लेकिन इस बार यह सुविधा एक की बजाय दो दिनों के लिए दी गई है। सरकार के इस फैसले से पर्वतीय क्षेत्रों से मायके जाने वाली महिलाओं को खास राहत मिलेगी, क्योंकि कई यात्राओं में एक दिन में वापसी संभव नहीं होती।
रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम की ओर से बसों के संचालन और व्यवस्थाओं को भी बेहतर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य की सीमा तक ही मुफ्त सफर
निशुल्क यात्रा की सुविधा उत्तराखंड की सीमा के भीतर ही लागू होगी। यदि कोई महिला राज्य से बाहर यात्रा करती है तो उत्तराखंड की सीमा तक किराया नहीं लिया जाएगा, जबकि राज्य की सीमा पार करने के बाद के सफर का निर्धारित किराया देना होगा।
सरकार के इस निर्णय से रक्षाबंधन पर बहनों को सुरक्षित और सुगम आवागमन के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
