केदारनाथ धाम में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे विमल भट्ट और हरीश मेहता
पौड़ी/अल्मोड़ा: श्री केदारनाथ धाम में देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उत्तराखंड के स्वास्थ्यकर्मी भी पूरी निष्ठा से जुटे हैं। इसी क्रम में पौड़ी के फार्मेसी अधिकारी विमल भट्ट और अल्मोड़ा (सोमेश्वर) के नर्सिंग अधिकारी हरीश सिंह मेहता इन दिनों केदारनाथ स्थित राजकीय स्वास्थ्य राहत इकाई, रुद्रा पॉइंट में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
दोनों अधिकारी 15 दिनों की सेवा अवधि के दौरान कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अपने सहज व्यवहार, कार्यकुशलता और सेवाभाव के लिए पहचान रखने वाले विमल भट्ट के लिए बाबा केदार की नगरी में सेवा करना आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ विशेष जिम्मेदारी भी है।
विमल भट्ट का कहना है कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात है। वहीं, हरीश सिंह मेहता भी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
केदारनाथ जैसे दुर्गम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विमल भट्ट और हरीश सिंह मेहता का समर्पण न केवल उनकी कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा के प्रति मानवीय संवेदना और सेवाभाव की मिसाल भी पेश करता है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
