उत्तराखंड में रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने पर जोर, CM धामी ने विभागों को दिए निर्देश

IMG-20260821-WA0012

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक हुई। बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने, रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।

बैठक में आयोग ने विभिन्न जिलों में आयोजित प्रवासी पंचायतों और पलायन निवारण एवं स्वरोजगार जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार बढ़ाने को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए गए।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुझावों के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर विभागीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि रिवर्स पलायन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने गांवों में स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से पहुंचाने और आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों और बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और कौशल को रोजगार से जोड़कर युवाओं को गांवों में ही आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बाजार विस्तार पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिवर्स पलायन केवल रोजगार से नहीं, बल्कि गांवों में बेहतर आजीविका, सुविधाएं और अवसर विकसित करने से संभव होगा। इसके लिए सभी विभागों को परिणामोन्मुखी तरीके से काम करना होगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो