बागेश्वर में बदहाल सड़क पर ग्रामीणों का आक्रोश, 8 किमी लंबी मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन

file_0000000070148211aa1d938c7b0a3b91

बागेश्वर: पिथौरागढ़-बागेश्वर सीमा से लगे पौसा गांव में रविवार को कमस्यार घाटी के ग्रामीणों ने नरगोली-बेरीनाग मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग को लेकर करीब 8 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की बदहाली के कारण मरीजों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और नौकरी-पेशा लोगों को परेशानी हो रही है। बरसात में सड़क पर कीचड़, गड्ढे और मलबा जमा होने के साथ कई जगह पत्थर और पेड़ गिरने से आवाजाही बाधित होती है।

मानव श्रृंखला की सूचना पर जनप्रतिनिधि और अधिकारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे। सांसद अजय टम्टा ने एक माह के भीतर सड़क के डामरीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया। वहीं, गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा ने सितंबर-अक्टूबर तक काम शुरू होने की बात कही।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों ने भी लिखित कार्रवाई का भरोसा दिया। विभाग के अनुसार बजट उपलब्ध होने के बाद दिसंबर 2026 तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू किया जाएगा।

ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की मांग वर्षों पुरानी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम शुरू होना चाहिए। निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन फिर तेज किया जाएगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो