उत्तराखंड में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, 6.5 लाख से अधिक को लाभ

file_00000000446c820888f6ed5cc37954fc

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन पर 60 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा की सौगात दी है। इससे प्रदेश की साढ़े छह लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी। पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को इसका विशेष लाभ मिलेगा।

महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए देहरादून में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत 10 पिंक ई-बसें भी समर्पित की जाएंगी। बाद में इनका विस्तार प्रदेश के अन्य शहरों में किया जाएगा।

लखपति दीदियों को मिलेगा उद्यम का अवसर

लखपति दीदी योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 3 लाख से अधिक महिलाएं सालाना एक लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं। वहीं, महिला स्वरोजगार योजना में रियायती बैंक ऋण की सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये करने की घोषणा की गई है। इससे महिलाएं नया कारोबार शुरू करने या मौजूदा स्वरोजगार का विस्तार कर सकेंगी।

सरकार एकल महिला स्वरोजगार योजना के जरिए भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है।

सरकारी नौकरियों में 30% महिला आरक्षण

धामी सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया है। साथ ही महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक हाईटेक टॉयलेट बनाने की भी घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रही है। सरकार हर उम्र की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो