मसूरी-देहरादून रोड पर दो जगह लैंडस्लाइड, मलबे से थमा ट्रैफिक; लगा लंबा जाम
देहरादून/मसूरी: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर सोमवार शाम दो स्थानों पर भूस्खलन होने से यातायात बाधित हो गया। पानी वाले बैंड और गलोगी धार के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े बोल्डर सड़क पर आ गिरे, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पानी वाले बैंड के पास आया भारी मलबा
सोमवार शाम पानी वाले बैंड के पास अचानक भूस्खलन होने से पहाड़ी का मलबा सड़क पर आ गया। इससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और कई वाहन जाम में फंस गए। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी का सामना करना पड़ा।
गलोगी धार में भी लैंडस्लाइड
पानी वाले बैंड के अलावा गलोगी धार के पास भी भारी भूस्खलन हुआ। यहां मलबे के साथ बड़े पत्थर सड़क पर आने से यातायात प्रभावित रहा। दोनों स्थानों पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।
सड़क खोलने में जुटी PWD की टीम
भूस्खलन की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से सड़क पर आए मलबे और बड़े बोल्डरों को हटाने का काम शुरू किया गया। वहीं, सड़क पर गिरे पेड़ को फायर सर्विस की टीम ने काटकर हटाया। विभाग की ओर से मार्ग को जल्द यातायात के लिए सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।
बारिश में बढ़ रहा भूस्खलन का खतरा
मसूरी-देहरादून मार्ग पर बारिश के दौरान लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील स्थानों पर स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाने की जरूरत बताई है, ताकि बारिश के दौरान बार-बार सड़क बंद होने और जाम की समस्या से राहत मिल सके।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
