पौड़ी में प्रयोगों से विज्ञान सीख रहे छात्र, अंबेडकर विज्ञान संग्रहालय बना आकर्षण का केंद्र

file_0000000087f08211a5dbba65f27a1ff5

पौड़ी: जनपद पौड़ी गढ़वाल में विद्यार्थियों को किताबों से आगे बढ़कर प्रयोगात्मक तरीके से विज्ञान समझने का अवसर मिल रहा है। जिला मुख्यालय स्थित डॉ. अंबेडकर विज्ञान संग्रहालय में छात्र-छात्राएं विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और उपकरणों के जरिए विज्ञान के सिद्धांतों को आसानी से समझ रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने की सोच के तहत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विद्यार्थियों को विज्ञान से जुड़े व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

बुधवार को जनता इंटर कॉलेज ल्वाली की कक्षा 9वीं और 11वीं के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सोलर पैनल, इन्फिनिटी वेल, कलर मिक्सचर, प्लाज्मा ग्लोब और सस्पेंशन ब्रिज समेत विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों को देखा और स्वयं प्रयोग कर उनके काम करने की प्रक्रिया समझी।

संग्रहालय में तैनात शिक्षक ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अवधारणाओं की जानकारी देने के साथ मॉडलों का प्रदर्शन भी किया। छात्रों ने कहा कि प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान को समझना किताबों में पढ़ने की तुलना में अधिक रोचक और आसान है। इससे उनमें विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, रुचि और वैज्ञानिक सोच भी बढ़ रही है।

जिला प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से जोड़कर शिक्षा को अधिक व्यावहारिक, रोचक और प्रभावी बनाना है, जिससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित हो सके।

हिमालयन लाइव ब्यूरो