बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग तेज, भारी बारिश में ग्रामीणों ने निकाली रैली

file_00000000ce44821197f9bd19608d094d

हल्द्वानी: बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग को लेकर रविवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने भारी बारिश के बीच विशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया। वन अधिकार समिति के बैनर तले निकली रैली जड़ सेक्टर से शुरू होकर लालकुआं तहसील परिसर पहुंची।

ग्रामीणों ने इस दौरान जमकर नारेबाजी की और तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विकास और लोगों से जुड़े प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी। उन्होंने सरकार से वर्षों पुरानी मांग पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

प्रदर्शन में पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी कैबिनेट में इस संबंध में प्रस्ताव लाया गया था।

कैड़ा ने कहा कि अधिकारियों को ऐसे गांवों से जुड़े दस्तावेजों का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्हें पहले वन भूमि से राजस्व गांव का दर्जा मिला है। उन्होंने कहा कि इसी आधार पर बिंदुखत्ता के मामले का रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द समाधान की उम्मीद है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो