हरिद्वार में पहले पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार के औरंगाबाद स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ किया। उन्होंने योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि परिवार को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में गुरुकुलम् की शुरुआत भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। यहां आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में कौशल, नवाचार और भारतीय ज्ञान परंपरा पर जोर दिया गया है। उत्तराखंड भी इसके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं।
CM धामी ने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन और शोध के लिए दून विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है। साथ ही देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन के साथ योग, आयुर्वेद, ज्ञान और अध्यात्म का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् इस प्रयास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
