नंदा-सुनंदा महोत्सव में पहुंचे CM धामी, बोले- ‘विकास भी और विरासत भी’
नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नैनीताल में आयोजित मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में शिरकत की। उन्होंने मां नंदा-सुनंदा के श्रीचरणों में नमन कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
सीएम धामी ने कहा कि नंदा देवी महोत्सव केवल मेला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं का उत्सव है। लोकगीत, झोड़ा-चांचरी और ढोल-दमाऊं जैसी परंपराएं इस आयोजन के जरिए जीवंत होती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के साथ प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर रही है। कुमाऊं में मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पर्यटन और कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को ₹5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने मां नंदा-सुनंदा की आरती कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
