केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा भूस्खलन, SDRF ने 6500 यात्रियों को सुरक्षित निकाला
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप सोमवार को पहाड़ी से भूस्खलन होने से पैदल मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार पत्थर और मलबा गिरने से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थिति को देखते हुए SDRF ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 6500 से अधिक तीर्थयात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया।
सूचना मिलते ही SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर सोनप्रयाग चौकी से उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम चीरबासा पहुंची। जवानों ने पुलिस, जिला आपदा प्रतिवादन बल और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर बचाव अभियान शुरू किया।
करीब 700 घोड़े-खच्चरों को भी सुरक्षित निकाला
जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में SDRF जवानों ने यात्रियों को एक-एक कर क्षतिग्रस्त हिस्से से सुरक्षित निकाला। अब तक 6500 से अधिक यात्री और करीब 700 घोड़े-खच्चर सुरक्षित निकाले जा चुके हैं।
भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में खतरा अभी भी बना हुआ है। SDRF और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं और स्थिति का आकलन करने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जा रहा है।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से प्रशासन और सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करने तथा संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक जोखिम न लेने की अपील की।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
