देहरादून में स्वाइन फ्लू और डेंगू का बढ़ता प्रकोप, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्वाइन फ्लू (H1N1) और डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने और संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को 83 सैंपल की जांच में 31 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इनमें 23 मरीज देहरादून और आठ अन्य जिलों के हैं। अब तक जिले में 1,293 सैंपल की जांच हो चुकी है, जिसमें 484 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें 398 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 84 सक्रिय मामले हैं। संक्रमितों में 257 पुरुष और 227 महिलाएं शामिल हैं।
डेंगू के भी दो नए मामले
देहरादून में एलाइजा जांच के दौरान डेंगू के दो नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जिले में डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़कर 162 हो गई है। अब तक 29,092 सैंपल की जांच में 162 मामले सामने आए हैं। इनमें 140 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 22 का उपचार चल रहा है।
डेंगू की रोकथाम के लिए आशा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का घर-घर सर्वे जारी है। अब तक 9.46 लाख से अधिक घरों और 59.38 लाख कंटेनरों की जांच की जा चुकी है। इनमें 22,286 कंटेनरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं मजबूत करने के साथ डेंगू के लिए अलग वार्ड तैयार किए हैं। साथ ही लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और मच्छरों की रोकथाम के लिए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
