उत्तराखंड में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज: 179 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स फंसे, CM धामी ने लिया स्थिति का जायजा
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली से लौटते ही राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स के रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की। उन्होंने सभी लोगों की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के मुताबिक, उत्तरकाशी और बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में कुल 179 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स फंसे हैं। इनमें 136 उत्तरकाशी और 43 पिंडारी क्षेत्र में हैं। उत्तरकाशी में 40 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि 40 ने फिलहाल रेस्क्यू से इनकार किया है। शेष लोगों के लिए अभियान सोमवार सुबह 6 बजे फिर शुरू होगा।
रेस्क्यू के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात हैं और हेली एंबुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है। सीएम ने मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ अभियान चलाने और संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने चारधाम और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर स्थायी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
