अशोक सिंघल के आदर्शों से श्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने का संकल्प: CM धामी
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंघल ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित किया। राम जन्मभूमि आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन बनाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
मुख्यमंत्री रविवार को देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रिका ‘विश्व हिंदू’ के अशोक सिंघल विशेषांक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर माला मिशन के साथ गंगा, शारदा और गोल्ज्यू कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं के माध्यम से धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार समान नागरिक संहिता, कानून-व्यवस्था और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। आगामी हरिद्वार कुंभ को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने की भी तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक सिंघल के अखंड, सुरक्षित और स्वाभिमानी भारत के संकल्प को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। राज्य सरकार सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और श्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
