देहरादून में नर्सिंग स्टाइपेंड की मांग तेज, छात्रों ने किया स्वास्थ्य मंत्री आवास कूच कर किया प्रदर्शन
देहरादून: उत्तराखंड में नर्सिंग विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान स्टाइपेंड देने की मांग को लेकर रविवार को नर्सिंग एकता मंच के नेतृत्व में प्रदेशभर के अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य मंत्री के आवास की ओर कूच किया। इस दौरान पुलिस ने लोनिवि कार्यालय के पास बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई।
प्रशिक्षण के दौरान आर्थिक सहायता देने की मांग
नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल किशोर पुंडीर ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान स्टाइपेंड मिलना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके और वे अपनी पढ़ाई व प्रशिक्षण पर बेहतर ढंग से ध्यान दे सकें।
मंच के सदस्यों ने कहा कि नर्सिंग विद्यार्थी स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। प्रशिक्षण के दौरान उनका व्यावहारिक योगदान भी अहम है। ऐसे में उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक हितों को ध्यान में रखते हुए स्टाइपेंड की व्यवस्था की जानी चाहिए।
प्रदेशभर के अभ्यर्थी हुए शामिल
स्वास्थ्य मंत्री आवास कूच में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नर्सिंग अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। मंच ने सरकार से स्टाइपेंड की मांग पर जल्द ठोस निर्णय लेने की अपील की। अब अभ्यर्थियों की नजर सरकार की अगली कार्रवाई पर है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
