50वें कुंजापुरी मेले का आगाज, CM धामी बोले- सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता

IMG_20261011_202828

नरेंद्रनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन, विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर मां कुंजापुरी की पूजा-अर्चना भी की।

मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्रि और मेले की स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून सहित विभिन्न कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है।

सीएम धामी ने टिहरी झील के आसपास रिंग रोड, पर्यटन मार्ग, जलक्रीड़ा और होमस्टे सुविधाओं के विकास की जानकारी दी। उन्होंने नरेंद्रनगर में पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, गजा अस्पताल के उच्चीकरण और लगभग 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना का भी उल्लेख किया।

मेले में छोलिया नृत्य, मां कुंजापुरी, महिषासुर मर्दिनी, नरसिंह अवतार और भारत की गौरवशाली बेटियों सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत की गईं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो

Spread the love