टिहरी में जंगली जानवर के सामने आने से खाई में गिरी कार, तीनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर सुरक्षित
टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी जिले में ग्राम दुबड़ी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 से 40 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार तीनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर सुरक्षित हैं, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टिहरी पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह 12 अक्टूबर को चौकी कुमाल्ड़ा क्षेत्र में दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। कार चालक राहुल मिश्रा ने बताया कि वह अपने दो दोस्तों के साथ 11 अक्टूबर की रात रायपुर से धनोल्टी घूमने निकले थे। रास्ते की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे वापस देहरादून लौट रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे ग्राम दुबड़ी के पास अचानक एक जंगली जानवर सामने आ गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरते हुए पहाड़ी से नीचे खेतों तक पहुंच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तीनों के सुरक्षित होने पर वे अपना सामान निकालकर कैब से देहरादून चले गए। सोमवार सुबह दोबारा घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, कार दिल्ली से बुक की गई थी और दुर्घटना की सूचना कार स्वामी को दे दी गई है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
