उत्तराखंड कैबिनेट के बड़े फैसले: पूर्व अग्निवीरों को भर्ती में छूट, बाल वीरता पुरस्कार योजना मंजूर
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार में हुई उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने पूर्व अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती संबंधी नई नियमावली, मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना, बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली-2026 और नए अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक को मंजूरी दी।
इसके अलावा, जन विश्वास संशोधन विधेयक को विधानसभा में पेश करने, मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी गठन और परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण से प्राप्त आय का 92 प्रतिशत संबंधित सार्वजनिक अभिकरणों को देने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली।
कैबिनेट ने स्वजल एवं राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की अवधि फरवरी 2027 तक बढ़ाने, हरिद्वार में किफायती आवास परियोजना के पहुंच मार्ग में छूट और ऊधमसिंह नगर में भूमि संबंधी शासनादेश की त्रुटि सुधार को भी मंजूरी दी। साथ ही विधानसभा के तृतीय सत्र की तिथि और स्थान तय करने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया तथा संस्कृति विभाग के वित्तीय अधिकारों में संशोधन को स्वीकृति दी गई।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
