उत्तराखंड में ₹2,708 करोड़ की सड़क परियोजनाओं को जल्द मंजूरी, 610 बसावटों को मिलेगा लाभ
देहरादून: उत्तराखंड में ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 (PMGSY-IV) के तहत ₹2,708 करोड़ की सड़क एवं सेतु परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति देने पर सहमति बनी।
योजना के तहत प्रदेश में 1,777 किलोमीटर लंबाई के 315 मोटर मार्गों पर ₹2,526 करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा, 32 सेतुओं के निर्माण पर ₹182 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य है।
213 अतिरिक्त सड़क प्रस्तावों पर भी विचार
बैठक में 1,360 किलोमीटर लंबाई के 213 अतिरिक्त सड़क प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने के लिए विचार करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
