पौड़ी का ताराकुंड बनेगा प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र, तीर्थाटन सर्किट से जुड़ेगा

IMG-20261013-WA0023

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौराणिक धार्मिक स्थल ताराकुंड को पर्यटन और तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को ताराकुंड पहुंचकर विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने देने का आश्वासन दिया। उन्होंने मां तारा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

डॉ. धन सिंह रावत सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे। मंदिर परिसर में आयोजित खुली चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने सड़क संपर्क सुधारने, झील के सौंदर्यीकरण, विश्राम गृह और ध्यान केंद्र बनाने तथा श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ताराकुंड को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ मां तारा के भव्य मंदिर और प्रतिमा के निर्माण की दिशा में भी पहल की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ताराकुंड को बुंखाल मंदिर, पैठाणी स्थित राहु मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, राजराजेश्वरी देवी मंदिर देवलगढ़, कमलेश्वर महादेव और मां धारी देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़कर तीर्थाटन सर्किट विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने के साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love