देहरादून में विश्व मानक दिवस 2026 का आयोजन, स्वच्छ ऊर्जा और गुणवत्ता पर जोर
देहरादून: भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा कार्यालय ने बुधवार को होटल रीजेंटा, मोहबेवाला में विश्व मानक दिवस 2026 का आयोजन किया। कार्यक्रम में उद्योग जगत, ज्वेलरी क्षेत्र और BIS लाइसेंसधारकों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर सचिव रुचि मोहन रयाल विशिष्ट अतिथि रहीं। इस वर्ष की थीम ‘सतत विकास लक्ष्य-7: सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा’ रही।
कार्यक्रम में Exide, Microtek, Novateur और Mochiko के विशेषज्ञों ने ऊर्जा दक्षता, नवीकरणीय ऊर्जा और आधुनिक तकनीकों पर प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान गुणवत्ता मानकों के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले उद्योग संगठनों, ज्वेलरी एसोसिएशन, BIS लाइसेंसधारकों और मेंटरों को सम्मानित किया गया।
BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत आड़े ने अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने, उद्योगों के लिए ईज ऑफ कम्प्लायंस और हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने उपभोक्ता सुरक्षा और उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में BIS प्रमाणन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए भारतीय मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
