उत्तराखंड के हर जिले में मिलेगी विदेशी भाषा की ट्रेनिंग, युवाओं को मिलेंगे ग्लोबल जॉब के अवसर
देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक रोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश के हर जिले में विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में बैठक कर संबंधित विभागों को इस दिशा में समग्र योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
योजना के तहत स्कूली विद्यार्थियों, आईटीआई छात्रों, चिकित्सा एवं नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अटल उत्कृष्ट और राजीव नवोदय विद्यालयों में भी अंग्रेजी के अतिरिक्त विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण शुरू करने की योजना बनाई जाएगी।
मुख्य सचिव ने देहरादून, अल्मोड़ा और बागेश्वर में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार सभी जिलों में करने तथा कौशल विकास विभाग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दिया जाएगा। साथ ही, युवाओं को मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने और देश-विदेश में रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा, दून विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा के विद्यार्थियों की सेवाएं लेने और उन्हें प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए गए। सरकारी नर्सिंग कॉलेजों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे करीब 600 विद्यार्थियों को भी विदेशी भाषा प्रशिक्षण देने की योजना है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
