उत्तराखंड में 1700 के पार पहुंचे स्टार्टअप, CM धामी ने युवाओं से किया संवाद
देहरादून: उत्तराखंड में पिछले पांच वर्षों में स्टार्टअप की संख्या करीब 700 से बढ़कर 1700 से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ‘विकसित उत्तराखण्ड–यात्रा जारी है’ संवाद कार्यक्रम में यह जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों, किसानों और नवाचारकर्ताओं से संवाद कर उनके अनुभव सुने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, ऊर्जा, कृषि और स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्तराखंड में अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश के युवा नए प्रयोगों से रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं। सरकार युवाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
कार्यक्रम में चम्पावत के राहुल नरियाल ने सौर ऊर्जा से चलने वाली कार बनाने, उत्तरकाशी के जयप्रकाश ने डेयरी व्यवसाय और ऊधमसिंह नगर के विकास कुमार शाह ने 10 करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर वाले स्टार्टअप की जानकारी दी। वहीं, चमोली में औषधीय पौधों की खेती से 300 से अधिक लोग जुड़े हैं।
प्रतिभागियों ने हर्बल उत्पाद, एकीकृत कृषि, पिरूल से उपयोगी वस्तुएं बनाने और मोटे अनाज की बेकरी जैसे कार्यों के अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय संसाधनों और युवाओं की प्रतिभा से रोजगार के नए अवसर विकसित कर उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
