उत्तराखंड: साइलेज फेडरेशन को ₹100 करोड़ टर्नओवर का लक्ष्य, 10 हजार महिलाएं लाभान्वित
देहरादून: उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने साइलेज फेडरेशन को अगले एक वर्ष में 100 करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल करने का लक्ष्य दिया है। रविवार को देहरादून के अजबपुर में फेडरेशन के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन करते हुए उन्होंने साइलेज उत्पादन और वितरण व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।
डॉ. रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना ग्रामीण महिलाओं को जंगलों से घास ढोने की कठिनाइयों से राहत देने के साथ किसानों और पशुपालकों को भी लाभ पहुंचा रही है। वर्तमान में 10 हजार से अधिक महिलाएं और 2,500 से ज्यादा किसान योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में 3.50 करोड़ रुपये के ऋण से शुरू हुए साइलेज फेडरेशन का वार्षिक टर्नओवर अब 50 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। मक्का उत्पादक किसानों को अब तक 15 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया गया है। करीब 200 एम-पैक्स के माध्यम से पशुपालकों तक साइलेज पहुंचाया जा रहा है।
पशुओं को संतुलित आहार उपलब्ध कराने के लिए स्थापित टीएमआर यूनिट जल्द शुरू होगी। इससे पशुओं के पोषण और दुग्ध उत्पादन में सुधार की उम्मीद है। डॉ. रावत ने कहा कि सरकार सहकारिता के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
