देहरादून: राजपुर रोड के नामी कैफे-रेस्टोरेंट पर FDA की छापेमारी, सैंपल जांच को भेजे

IMG-20261018-WA0067

देहरादून: त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने जांच अभियान तेज कर दिया है। रविवार को राजपुर रोड स्थित चार कैफे-रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण कर पनीर, केक, हल्दी पाउडर और पेस्ट्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए। प्रतिष्ठानों को नोटिस भी जारी किए गए।

आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर टीम ने अमा कैफे (AMA Cafe), बर्लिन रेस्टोरेंट (BERLIN), XOXO Cafe/Bakery और Basque Restaurant का निरीक्षण किया। जांच रिपोर्ट में मानकों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निर्देशों की अनदेखी पर तम्तारा कैफे के खिलाफ कार्रवाई

विभाग के अनुसार, 17 अक्टूबर को राजपुर रोड स्थित तम्तारा कैफे (TAMTARA) को बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका पालन नहीं किया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 55 और अन्य लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।

प्रदेशभर में जारी रहेगा अभियान

त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभाग प्रदेशभर में निरीक्षण कर रहा है। FDA आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love