देहरादून में पटाखा बाजार के लिए 3 जगह तय, बिना लाइसेंस बिक्री पर होगी कार्रवाई
देहरादून: दीपावली पर पटाखों की बिक्री के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने नगर निगम क्षेत्र में तीन स्थान निर्धारित किए हैं। इनमें रेंजर्स ग्राउंड, हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज के निकट 26 पार्क रोड और गांधी रोड स्थित पुराना रोडवेज बस अड्डा शामिल हैं। अन्य स्थानों पर बिक्री के लिए प्रशासन की अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस पटाखे बेचने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी। पटाखा दुकानों के अस्थायी लाइसेंस के लिए 19 से 30 अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। लाइसेंस की वैधता 3 से 9 नवंबर तक रहेगी और शुल्क 850 रुपये निर्धारित किया गया है।
स्कूल-अस्पतालों के पास बिक्री प्रतिबंधित
स्कूल, अस्पताल, न्यायालय, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। बिक्री स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण अनिवार्य होंगे। प्रमुख स्थलों पर महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
प्रशासन ने सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, अवैध भंडारण पर निगरानी और सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
