देहरादून के HNB मेडिकल विवि में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का प्रस्ताव, केंद्र से मांगी मंजूरी

HU_V7dUbUAAHN0v

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें ₹20.21 करोड़ की तीन योजनाओं का शिलान्यास और ₹34 लाख की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं। हल्द्वानी में कैंसर संस्थान और किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर बनाया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस से दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाई जा रही हैं। युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर देने के लिए विदेशी भाषा प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके तहत 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और 2025 में 13 को जर्मनी में रोजगार मिला।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love