पौड़ी में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा, बिलखेत में कमर्शियल पैराग्लाइडिंग शुरू

IMG_20261020_141523

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड की नयार घाटी में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बिलखेत में कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई है। पर्यटन विभाग से अनुमति मिलने के बाद एडवेंचर बकेट कंपनी ने सोमवार से पर्यटकों के लिए उड़ानें शुरू कर दीं। पहले दिन पायलटों ने सात उड़ानें भरीं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी के अनुसार, बिलखेत में पैराग्लाइडिंग शुरू होने से नयार घाटी में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और क्षेत्र को एडवेंचर टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की भी उम्मीद है।

पैराग्लाइडिंग के लिए कल्जीखाल विकासखंड के ढाढ़ूखाल से टेकऑफ किया जा रहा है, जबकि बिलखेत में राजकीय इंटर कॉलेज के पास मैदान में लैंडिंग की व्यवस्था की गई है। पर्यटक फोन के माध्यम से टेंडम पैराग्लाइडिंग की बुकिंग करा सकते हैं।

एडवेंचर बकेट कंपनी के संचालक विक्रम नेगी ने बताया कि इस सुविधा से पर्यटक आसमान से नयार घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे। इससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने और स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love