देहरादून में 23 अक्टूबर से विरासत फेस्टिवल, इस बार बदला वेन्यू और लगेगी एंट्री फीस
देहरादून: विरासत आर्ट एंड हेरिटेज फेस्टिवल 2026 का आयोजन 23 अक्टूबर से 6 नवंबर तक नींबूवाला स्थित हिमालयन कल्चरल सेंटर में होगा। इस बार सामान्य प्रवेश के लिए ₹50, जबकि विशेष कार्यक्रमों के टिकट ₹300 और ₹500 निर्धारित किए गए हैं। 15 दिवसीय महोत्सव के लिए ₹3,500 से ₹6,000 तक के ऑल-एक्सेस पास भी उपलब्ध होंगे।
परवीन सुल्ताना और ऊषा उत्थुप समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति
रिच (REACH) संस्था के अध्यक्ष आरके सिंह के अनुसार, महोत्सव में बेगम परवीन सुल्ताना, टीएम कृष्णा, डॉ. एन. राजम, इंडियन ओशन बैंड और जसबीर जस्सी समेत कई कलाकार प्रस्तुति देंगे। 6 नवंबर को ऊषा उत्थुप की प्रस्तुति के साथ महोत्सव का समापन होगा।
श्रीलंका और कजाकिस्तान के कलाकारों के साथ उत्तराखंड की गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोक संस्कृति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। साहित्यिक सत्र, मुशायरा, शास्त्रीय नृत्य और हस्तशिल्प बाजार भी आयोजित होंगे।
इस बार नए आयोजन स्थल पर करीब चार एकड़ में पार्किंग की सुविधा दी गई है, ताकि यातायात संबंधी परेशानियां कम हों। महोत्सव में ऑडिटोरियम के 29 कार्यक्रमों के साथ पहली बार थिएटर फेस्टिवल भी आयोजित किया जाएगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
