रेड रिबन क्विज में पिथौरागढ़ अव्वल, राष्ट्रीय स्तर पर करेगी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व

IMG-20261022-WA0057

देहरादून: उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की उत्तराखंड शाखा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को देहरादून में राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के 12 जनपदों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। पिथौरागढ़ की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई।

सहस्त्रधारा रोड स्थित होटल सफायर में आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा 8, 9 और 11 के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्वास्थ्य, स्वच्छता और रेड रिबन से जुड़े विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

पिथौरागढ़ के राजकीय इंटर कॉलेज मानेल के अनिल सिंह भाट और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूर्चू के पीयूष धामी ने प्रथम स्थान हासिल किया। हरिद्वार के अनुराग जोशी और नमन की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि चंपावत के हर्षित बिष्ट और जिज्ञासा खर्कवाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विजेता पिथौरागढ़ की टीम शिमला में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता चार चरणों में हुई, जिसमें स्वास्थ्य, स्वच्छता और रेड रिबन से संबंधित 50 प्रश्न पूछे गए।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love