उत्तराखंड में कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ शुरू, तीन जगहों से भाजपा पर हमला
देहरादून: भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ शुरू की। बदरीनाथ, देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर और अल्मोड़ा के चितई मंदिर से शुरू हुई यात्रा का नेतृत्व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने किया।
बदरीनाथ से गणेश गोदियाल ने संभाली कमान: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और अन्याय बढ़ने का आरोप लगाया। इस दौरान विधायक लखपत बुटोला, विक्रम सिंह और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई नेता मौजूद रहे।
देहरादून में प्रीतम सिंह का नेतृत्व: टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद प्रीतम सिंह के नेतृत्व में यात्रा निकाली गई। कांग्रेस ने बेरोजगारी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाया।
अल्मोड़ा में यशपाल आर्य ने साधा निशाना: चितई मंदिर से शुरू हुई यात्रा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने महंगाई, महिला अपराध और जल, जंगल व जमीन से जुड़े मुद्दे उठाते हुए प्रदेश सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।
कांग्रेस के मुताबिक, न्याय यात्रा के जरिए प्रदेशभर में जनसमस्याएं उठाकर भाजपा सरकार को घेरा जाएगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
