देहरादून के बालावाला में बनेगा IT पार्क, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार; केंद्र को भेजा प्रस्ताव
देहरादून: धामी सरकार ने देहरादून के बालावाला में IT पार्क और बिजनेस पार्क विकसित करने की पहल की है। इसके लिए घोड़ा फैक्टरी की 35.7 एकड़ भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है। योजना से हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पत्र भेजकर भूमि हस्तांतरण का अनुरोध किया है। प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
30 साल से बंद फैक्टरी की जमीन का होगा उपयोग
बालावाला स्थित बंगाल इम्युनिटी लिमिटेड की घोड़ा फैक्टरी करीब 30 वर्षों से बंद है। कंपनी के दिवालिया होने के बाद यह भूमि अनुपयोगी पड़ी है। अब यहां IT पार्क विकसित करने की योजना से निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
उद्योग विभाग के दायित्वधारी शांतनु बिष्ट के अनुसार, IT पार्क से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए प्रस्तावित लच्छीवाला-थानो फोरलेन एलिवेटेड मार्ग को भी पार्क से जोड़ने की योजना है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
