उत्तराखंड में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देगी 658 किमी लंबी हिमालयन MTB चैलेंज-2026
देहरादून: उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का शुभारंभ होने जा रहा है। प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर नैनीताल के मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में आयोजित गाला डिनर कार्यक्रम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे देशभर के साइकिलिस्टों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। ऐसे आयोजन उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और समृद्ध लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक खानपान और पर्यटन स्थलों को नई पहचान देते हैं। इससे प्रदेश में स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों, अतिथियों और आयोजन से जुड़े लोगों का स्वागत किया गया। इस दौरान स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा पर आधारित लोकनृत्य और ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के जरिए उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिली।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
