उत्तराखंड में 2026 के आपदा सीजन में 75 लोगों की मौत, 6,128 मकान क्षतिग्रस्त
देहरादून: उत्तराखंड में इस साल मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं से भारी नुकसान हुआ है। 15 जून से 15 सितंबर 2026 तक प्रदेश के 13 जिलों में 75 लोगों की मौत और 24 लोग घायल हुए हैं। वहीं, 6,128 आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
आपदा से 1,266 पेयजल योजनाएं, 1,435 किलोमीटर सड़कें, 238 विद्यालय भवन और 1,283 सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा 3,460 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि और 1,054 पशुओं को भी नुकसान पहुंचा है।
2025 की आपदा के लिए 811 करोड़ स्वीकृत
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन के मुताबिक, वर्ष 2025 की आपदा के लिए केंद्र सरकार ने 811 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। राज्य सरकार की ओर से भेजी गई कार्ययोजना फिलहाल केंद्र के परीक्षण में है। उन्होंने बताया कि पिछले साल के आपदा प्रभावितों को पूरा मुआवजा दिया जा चुका है।
2026 के नुकसान का होगा PDNA
इस साल हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने के लिए सरकार नया पोस्ट डिजास्टर नीड असेसमेंट (PDNA) कराएगी। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर दिया गया है। अधिकारियों को आकलन के मानकों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर पुनर्निर्माण और राहत कार्यों के लिए जरूरी बजट का आकलन किया जाएगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
