सैंजी की रामलीला का भव्य समापन, नौ दिनों तक राममय रहा गांव

IMG_20261119_220906

पौड़ी गढ़वाल: जनपद पौड़ी गढ़वाल की ग्रामसभा सैंजी में आयोजित नौ दिवसीय श्रीरामलीला का भव्य समापन हो गया। नौ दिनों तक गांव का माहौल भक्तिमय और राममय बना रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद रामलीला का मंचन देखने के लिए आसपास के गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।

श्री जगदीश सिंह भंडारी के निर्देशन में स्थानीय कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का शानदार मंचन किया। कलाकारों की बेहतरीन अभिनय क्षमता, संवाद अदायगी और प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। गढ़वाल की पारंपरिक रामलीला की विशेषता माने जाने वाले दोहे, चौपाइयां, लोकधुनें और राग-छंद भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहे।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रेखा भंडारी और क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता भंडारी के मार्गदर्शन में अतिथियों का स्वागत किया गया। मंच संचालन संतन सिंह चौहान ने किया। वहीं, कलाकारों को अभिनय एवं संवाद का प्रशिक्षण देने में प्रेम सिंह भंडारी, रघुबीर सिंह भंडारी, कमेटी अध्यक्ष करण सिंह भंडारी और सचिव सूरज भंडारी का विशेष योगदान रहा। युवक मंगल दल और महिला मंगल दल के सदस्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

रामलीला का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ ग्रामीण एकता, सामूहिक सहभागिता और गढ़वाल की लोकसंस्कृति के संरक्षण का भी माध्यम बना। स्थानीय कलाकारों और युवाओं की भागीदारी ने पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love