भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में दिखी उत्तराखंड की लोक संस्कृति और हस्तशिल्प की झलक
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अवसर पर आयोजित उत्तराखंड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक कला की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला में आर्थिक विकास एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं।
सीएम धामी ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार भी पारंपरिक उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता और प्रभावी विपणन के जरिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने से उत्पादकों की आय बढ़ेगी और युवाओं व महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
