पीएम मोदी से मिले सीएम धामी, उत्तराखंड की विकास परियोजनाओं पर मांगा सहयोग
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा करते हुए केंद्र से सहयोग मांगा।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन सहित कई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। इसके अलावा चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी के विस्तार और किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने की मांग भी रखी।
सीएम धामी ने कुम्भ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये और SASCI के तहत लगभग 9,500 करोड़ रुपये की सहायता के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। साथ ही RDSS योजना के तहत 3,436.08 करोड़ रुपये और चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने पर धन्यवाद दिया। देहरादून रिंग रोड और RRTS विस्तार पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने राज्य में आध्यात्मिक, शीतकालीन और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का कारोबार 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की कोट की पट्टी, दोरखा, शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल रहे। साथ ही मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
